गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करें, पीड़ितों को मिले त्वरित न्याय : डीएम सैमुअल पॉल एन.
जौनपुर, 30 मई 2026। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अभियोजन से संबंधित मामलों की गहन समीक्षा करते हुए गंभीर अपराधों में शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि न्यायालयों में विचाराधीन मामलों में अभियोजन अधिकारी नियमित रूप से प्रभावी पैरवी करें। साथ ही पुलिस एवं संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराधियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
उन्होंने महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य गंभीर प्रकृति के मामलों की प्राथमिकता के आधार पर निगरानी करने के निर्देश दिए। डीएम ने विशेष रूप से कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से संबंधित मामलों में शीघ्र सुनवाई सुनिश्चित कर समयबद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके।
बैठक के दौरान एससी/एसटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत लंबित मुकदमों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लंबित मामलों, दोषसिद्धि दर और न्यायालयों में चल रहे महत्वपूर्ण प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि आमजन को त्वरित न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment