जौनपुर, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को ऐतिहासिक शाही किला परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। "योग फॉर हेल्थी एजिंग" थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग तीन हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह "प्रिंशू", नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी प्रतिभागियों को दिखाया गया। पतंजलि योग समिति के सह राज्य प्रभारी अचल हरिमूर्ति के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।
राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित और निरोग बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी प्वाइंट, स्वास्थ्य शिविर, हेल्थ डेस्क, पेयजल एवं फल वितरण की विशेष व्यवस्था की गई थी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रतिभागियों को पौधों का वितरण भी किया गया।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अधिकारियों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों की सराहना की। उन्होंने बताया कि योग सप्ताह के अंतर्गत 15 से 20 जून तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में 6.71 लाख से अधिक लोगों की सहभागिता दर्ज की गई।
Post a Comment