Top News

दीपावली तक चलेगा विशेष साइबर जागरूकता अभियान, लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति किया जाएगा जागरूक


जौनपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से जनपद में 4 नवंबर से दीपावली तक विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत आम नागरिकों, व्यापारियों, दुकानदारों, विद्यार्थियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना प्रभारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान फर्जी शॉपिंग वेबसाइट, आकर्षक ऑनलाइन ऑफर, नकली कस्टमर केयर नंबर, क्यूआर कोड और यूपीआई के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।

साइबर थाना पुलिस ने लोगों को सावधान करते हुए कहा है कि दीपावली पर भारी छूट और आकर्षक ऑफर के लालच में अनजान वेबसाइट से खरीदारी न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी, बैंक खाते की जानकारी और पासवर्ड साझा न करें। कैशबैक या उपहार के नाम पर भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर एपीके फाइल डाउनलोड न करें और न ही स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप का इस्तेमाल करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्यूआर कोड स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। पैसा प्राप्त करने के लिए यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत, बैंकिंग और यात्रा संबंधी जानकारी साझा करने से बचने तथा मोबाइल और डिजिटल उपकरणों को अपडेट रखने की भी सलाह दी गई है।

साइबर थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली की खरीदारी और ऑनलाइन भुगतान के दौरान विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन या फर्जी ऑफर के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल अपने बैंक को सूचना दें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अतिरिक्त www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। पीड़ित अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर भी लिखित शिकायत प्रस्तुत कर सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Astra Veda News
Astra Veda News