शाहगंज, जौनपुर। थाना शाहगंज पुलिस ने मारपीट एवं जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रही एक किन्नर को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शाहगंज पुलिस ने सुबह करीब 10:30 बजे गुलाबो किन्नर निवासी डिहवा भादी, थाना शाहगंज को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त को डाली किन्नर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वह अपने साथियों के साथ बातचीत के लिए गुलाबो किन्नर के घर गई थी। आरोप है कि इस दौरान गुलाबो ने घर का दरवाजा बंद कर छत से गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर फेंके, जिससे उसकी साथी सीला किन्नर के सिर में गंभीर चोट लग गई। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इस मामले में थाना शाहगंज पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान वांछित चल रही आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Post a Comment