जौनपुर। शारदीय नवरात्र के आगमन को लेकर मां शीतला चौकियां धाम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। आकर्षक सजावट से धाम का नजारा देखते ही बन रहा है। नवरात्र शुरू होने से पहले ही मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बन गया है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और जिला प्रशासन ने दर्शन, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
मंदिर के महंत विनय त्रिपाठी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए मंदिर परिसर में 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। नवरात्र के प्रथम दिन मंदिर के कपाट सुबह चार बजे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे, जबकि रात दस बजे कपाट बंद होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मार्गों पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
सुरक्षा के लिए तैनात रहेगा पुलिस बल
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने बताया कि नवरात्र के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के अनुसार, मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस, पीएसी तथा महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार जांच भी की जाएगी।
भीड़ और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर
नवरात्र के दौरान मां शीतला के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन, पुलिस विभाग और मंदिर समिति भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण में सुगम दर्शन उपलब्ध कराना है। नवरात्र के दौरान धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
Post a Comment