जौनपुर, 8 अक्टूबर। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए आमजन को साइबर ठगी से बचाने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर क्राइम सेल/थाना जौनपुर की टीम ने कुंवर हरिवंश फार्मेसी कॉलेज, महरुपुर में साइबर अपराध जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम गोल्डी गुप्ता तथा साइबर सेल प्रभारी उदय प्रताप सिंह और साइबर थाना प्रभारी देवानंद रजक के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान साइबर पुलिस टीम ने विद्यार्थियों, महिलाओं एवं बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के साथ ही ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को झांसा देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी और व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे में थोड़ी सी सतर्कता बड़े नुकसान से बचा सकती है।
कार्यक्रम में ट्विटर/एक्स फ्रॉड, एपीके फ्रॉड, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, स्मिशिंग, फेक लोन एप स्कैम, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी वेबसाइट, हनीट्रैप तथा डेबिट-क्रेडिट कार्ड से संबंधित साइबर फ्रॉड के बारे में जानकारी दी गई। साइबर पुलिस ने लोगों को आगाह किया कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई एपीके फाइल इंस्टॉल न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और निवेश के नाम पर मिलने वाले आकर्षक ऑफरों के झांसे में न आएं।
साइबर पुलिस ने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि कोई भी पुलिस अधिकारी या सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट कर पैसे जमा करने का निर्देश नहीं देती। इसी तरह बैंक अथवा किसी सरकारी संस्था के नाम पर फोन करने वाले व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।
टीम ने बताया कि क्यूआर कोड स्कैन करने से पैसे प्राप्त नहीं होते, बल्कि गलत क्यूआर कोड स्कैन करने पर खाते से रकम निकल सकती है। वहीं सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने और निजी फोटो अथवा वीडियो साझा करने से बचने की भी सलाह दी गई, क्योंकि साइबर अपराधी हनीट्रैप के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर सकते हैं।
मोबाइल फोन खो जाने की स्थिति में थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ ही CEIR पोर्टल पर शिकायत करने के लिए भी जागरूक किया गया। साइबर पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सतर्कता और जागरूकता है।
साइबर ठगी का शिकार होने पर पीड़ित को बिना देर किए साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इसके अलावा नजदीकी थाने अथवा साइबर क्राइम थाना पहुंचकर भी तत्काल शिकायत की जा सकती है।
इस अवसर पर साइबर क्राइम थाना प्रभारी देवानंद रजक, साइबर सेल प्रभारी उदय प्रताप सिंह, कांस्टेबल संग्राम सिंह यादव, परवेज अहमद एवं सुगम यादव सहित साइबर पुलिस टीम मौजूद रही।
साइबर पुलिस की अपील:
Post a Comment