Top News

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि

जौनपुर। पुलिस लाइन जौनपुर में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, वीरता और बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने अपने संबोधन में विगत एक वर्ष के दौरान कर्तव्य पालन करते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शौर्य गाथा का उल्लेख किया। उन्होंने उनके बलिदान को याद करते हुए पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, साहस और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारियों, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन तथा उपस्थित पुलिसकर्मियों के साथ ‘पावन स्मृति पुस्तिका’ का वाचन किया। इसके उपरांत कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया गया। साथ ही पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।
पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यपरायणता को स्मरण किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Astra Veda News
Astra Veda News