जौनपुर। बिना वैध लाइसेंस के सूदखोरी करने और निर्धारित मानकों से अधिक ब्याज वसूलकर लोगों को प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ जौनपुर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ब्याज की अदायगी न होने पर धमकी देने, जमीन-मकान अपने नाम कराने या संपत्ति पर अवैध कब्जे के लिए दबाव बनाने की शिकायतों की जांच कर तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, बिना लाइसेंस के ब्याज पर रुपये देने वाले और वैध लाइसेंस होने के बावजूद निर्धारित नियमों के विपरीत अत्यधिक ब्याज वसूलने वाले साहूकारों के खिलाफ शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी। ब्याज न चुका पाने पर किसी व्यक्ति को प्रताड़ित करने या धमकी देने के मामलों को भी गंभीरता से लिया जाएगा।
मोबाइल नंबर पर दें सूचना, पहचान रहेगी गोपनीय
जौनपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध सूदखोरी कर रहा है या ब्याज के नाम पर किसी को प्रताड़ित कर रहा है, तो पीड़ित संबंधित थाने में लिखित शिकायत दे सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर 9454458196 पर भी सूचना दी जा सकती है। ऐसे मामलों की जानकारी रखने वाले नागरिक भी पुलिस को अवगत करा सकते हैं। पुलिस ने शिकायतकर्ता और सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है। प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment