Top News

*जौनपुर में प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने की आपदा एवं नगर व्यवस्थाओं की समीक्षा**सभी विभाग अलर्ट मोड में कार्य करें : ।

*जौनपुर में प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने की आपदा एवं नगर व्यवस्थाओं की समीक्षा*

*सभी विभाग अलर्ट मोड में कार्य करें : ए.के. शर्मा*

जौनपुर,15 मई 2026

उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा जनपद जौनपुर के भ्रमण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने निरीक्षण भवन पहुंचकर शासन-प्रशासन, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जिले की स्थिति एवं विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि बीते दो दिनों में आए आंधी-तूफान का जिले में व्यापक प्रभाव नहीं पड़ा है। हालांकि कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने के कारण बिजली के खंभों एवं ट्रांसमिशन लाइनों को क्षति पहुंची है, जिसे संबंधित विभागों द्वारा लगातार ठीक कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की जनहानि अथवा पशुहानि की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

इस अवसर पर मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आंधी, तूफान, बारिश एवं ओलावृष्टि के मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीम को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पहले से तैयार रहे। उन्होंने कहा कि पूर्व तैयारी मजबूत होने पर आपदा के समय नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है, इसलिए सभी विभाग पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करें।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए नगर क्षेत्रों में नाला-नालियों की सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत एवं साफ-सफाई का कार्य समय से पूरा कर लिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां कहीं कूड़ा-करकट, जलभराव या क्षतिग्रस्त सड़कें हों, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Astra Veda News
Astra Veda News