Top News

जनपद में अपराध एवं कानून व्यवस्था को लेकर डीआईजी ने की समीक्षा बैठक

जौनपुर में अपराध एवं कानून व्यवस्था को लेकर डीआईजी ने की समीक्षा बैठक
जौनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह भी उपस्थित रहे।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों के प्रभारी मौजूद रहे। अपराध गोष्ठी के दौरान डीआईजी ने जनपद में चिन्हित माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही हत्या, लूट, बलात्कार, छेड़छाड़, गो तस्करी और शराब तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने गृह चोरी और नकबजनी के अपराधियों की गैंगस्टर कार्रवाई एवं गैंगशीट खोलने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने और गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। डीआईजी ने ऑपरेशन कनविक्शन के अंतर्गत हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और लूट जैसे गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर अभियुक्तों को अधिकतम सजा दिलाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में जनसुनवाई के दौरान आम जनता की समस्याओं को शालीनता से सुनकर निष्पक्ष जांच के माध्यम से पीड़ितों को न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाने, माल मुकदमाती के विधिक निस्तारण तथा दंगा नियंत्रण को लेकर थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Astra Veda News
Astra Veda News