श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर के मुख्य संरक्षक बने लोलारक दुबे
जौनपुर। श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर की एक विशेष बैठक शहर के उर्दू बाजार स्थित श्री घनश्यामदास बैंकर के बगीचे में वरिष्ठ संरक्षक एवं समाजसेवी राकेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ पंडित ईशान चतुर्वेदी द्वारा विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
बैठक में महासमिति के मुख्य संरक्षक पंडित अवधेश चतुर्वेदी के हाल ही में सड़क दुर्घटना में हुए निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उनके निधन से रिक्त हुए मुख्य संरक्षक पद पर नियुक्ति को लेकर संरक्षक सदस्यों, विशिष्ट सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। सर्वसम्मति से महासमिति के वरिष्ठ संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार लोलारक दुबे को मुख्य संरक्षक बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से अनुमोदित किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने लोलारक दुबे को मुख्य संरक्षक तथा पंडित ईशान चतुर्वेदी को नया संरक्षक सदस्य घोषित करते हुए कहा कि लोलारक दुबे सामाजिक सरोकारों से जुड़े, मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं। उन्होंने हमेशा महासमिति को अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में महासमिति को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
नवनियुक्त मुख्य संरक्षक लोलारक दुबे ने कहा कि महासमिति द्वारा सौंपे गए दायित्व का वह पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने सभी संरक्षक सदस्यों, विशिष्ट सदस्यों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि महासमिति के हित में वह सदैव तत्पर रहेंगे।
बैठक में अशोक शर्मा एडवोकेट, शशि कुमार श्रीवास्तव, अरशद कुरैशी, आनंद मिश्रा एडवोकेट, संजय अस्थाना, डॉ. अतुल प्रकाश यादव, मेहदी रजा एडवोकेट, मनोज मिश्र एडवोकेट सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। आगंतुकों का स्वागत नवीन सिंह बसगोती ने, आभार ज्ञापन दीपक जावा एवं संजय जांडवानी ने किया। संचालन मुख्य ट्रस्टी संजीव कुमार एडवोकेट ने किया।
Post a Comment