जौनपुर, 27 जून। जिला जज, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बैरकों, रसोईघर, चिकित्सालय, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा व्यवस्था तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की गई तथा उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन को निर्देश दिए गए कि जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं तथा बंदियों के मानवाधिकारों से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि कारागार में निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
Post a Comment