Top News

भटके मासूम को जफराबाद पुलिस ने परिवार से मिलाया, मानवीय पहल की हुई सराहना

जौनपुर, 08 जुलाई। जनपद जौनपुर की थाना जफराबाद पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और उत्कृष्ट समन्वय का परिचय देते हुए बिहार के नालंदा जनपद से भटके 8 वर्षीय मासूम बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर पुलिस की जनसेवा की भावना को एक बार फिर साबित किया है।
जानकारी के अनुसार थाना जफराबाद पुलिस को एक लगभग 8 वर्षीय बालक लावारिस अवस्था में भटकता हुआ मिला। पुलिस ने बिना देर किए बालक को अपनी अभिरक्षा में लेकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की तथा उससे पूछताछ की। बालक ने स्वयं को बिहार के नालंदा जनपद का निवासी बताया, लेकिन कम उम्र होने के कारण वह अपना पूरा पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था।
बालक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए थाना जफराबाद पर तैनात उपनिरीक्षक राधेश्याम सिंह ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक, नालंदा (बिहार) से संपर्क स्थापित किया। दोनों राज्यों की पुलिस के बेहतर समन्वय से बालक के परिजनों का पता ग्राम पछवारा नल, पोस्ट मेघी नौंगवा, जनपद नालंदा (बिहार) के रूप में सत्यापित किया गया।
इसके बाद बालक के माता-पिता से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर उन्हें थाना जफराबाद बुलाया गया। आवश्यक पहचान एवं सत्यापन की सभी औपचारिकताएँ पूरी होने के बाद मासूम को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने पुत्र को सुरक्षित पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने जौनपुर पुलिस, थाना जफराबाद पुलिस तथा उपनिरीक्षक राधेश्याम सिंह का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्यप्रणाली की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
यह सराहनीय कार्य वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। जफराबाद पुलिस की इस मानवीय पहल ने यह संदेश दिया है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में आमजन की सहायता और सुरक्षा के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ सदैव तत्पर रहती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Astra Veda News
Astra Veda News