Top News

जौनपुर -जमीनी विवाद को लेकर पीड़ित ने निष्पक्ष जाँच और करवाई की मांग की।

*जमीन विवाद बढ़ा, पीड़ित ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की*



*गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी का आरोप; वीडियो साक्ष्य होने का दावा, परिवार की सुरक्षा की मांग*


*जौनपुर।* मछलीशहर तहसील के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विजाधरमऊ निवासी लवकेश सिंह ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जा करने के प्रयास, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी जौनपुर को प्रार्थना-पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार, गांव के ही राहुल सिंह एवं राकेश सिंह पर भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि विरोध करने पर आरोपितों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का कहना है कि मामले की सूचना पहले ही मुंगराबादशाहपुर थाने में लिखित रूप से दी जा चुकी है तथा डायल 112 पर भी सूचना दी गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद विपक्षी पक्ष की ओर से धमकियां जारी हैं।
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि घटना का वीडियो भी उसके पास मौजूद है, जिसमें कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी देने की आवाज एवं दृश्य रिकॉर्ड हैं। आवश्यकता पड़ने पर वह वीडियो जांच के लिए उपलब्ध कराने को तैयार है।
प्रार्थना-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिकायतकर्ता और उसका भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं तथा घर पर केवल महिलाएं रहती हैं। ऐसे में परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई, भूमि पर अवैध कब्जा रुकवाने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
*नोट* - यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए प्रार्थना-पत्र पर आधारित है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या संबंधित पक्ष का बयान प्राप्त होना शेष है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Astra Veda News
Astra Veda News