Top News

जौनपुर -आबादी की जमीन पर विवाद को लेकर DM से निष्पक्ष जाँच की मांग

*आबादी की जमीन विवाद में पुलिस कार्रवाई पर सवाल, डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग*

*जौनपुर।* सुजानगंज थाना क्षेत्र के नाहरमऊ टिकरा गांव निवासी किरन सिंह पत्नी मुन्ना सिंह ने जिलाधिकारी जौनपुर को प्रार्थना पत्र देकर पड़ोसियों और स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि उनकी पुस्तैनी आबादी की जमीन पर जबरन कब्जा कर रास्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर पड़ोसी संजय सिंह व नीलम सिंह ने कथित रूप से पुलिस और लेखपाल की मिलीभगत से निर्माण कराने की कोशिश की। शिकायत के बावजूद 10 जुलाई 2026 की रात पुलिस बिना महिला पुलिसकर्मियों के उनके घर में घुस गई, अभद्र व्यवहार किया, सामान में तोड़फोड़ की और उन्हें तथा उनकी देवरानी को थाने ले जाकर कई घंटे बैठाए रखा। घर लौटने पर उन्होंने कथित रूप से देखा कि विवादित स्थान पर रास्ता खुलवा दिया गया था।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 28 जून 2026 को भी उन्हें और उनकी देवरानी को थाना ले जाकर बाद में धारा 151 के तहत उपजिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इन घटनाओं से उनका परिवार मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहा है तथा जान-माल का खतरा बना हुआ है।
किरन सिंह ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच किसी सक्षम अधिकारी से कराकर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कराने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
Astra Veda News
Astra Veda News