जौनपुर, 1 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को सराहनीय कार्रवाई करते हुए रुहट्टा क्षेत्र से भारी मात्रा में दोहरा एवं तंबाकू बरामद किया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने परविन्दर सिंह पुत्र सतपाल सिंह, निवासी उमरपुर रुहट्टा, थाना कोतवाली, जनपद जौनपुर के कब्जे से 48 किलोग्राम खुला दोहरा, 47 किलोग्राम पाउच तथा 1.5 किलोग्राम सूखा तंबाकू बरामद किया।
पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस की सराहनीय पहल
जनपद में अवैध कारोबार के विरुद्ध जौनपुर पुलिस द्वारा लगातार की जा रही प्रभावी कार्रवाई से ऐसे कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। कोतवाली पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई को आमजन ने सराहनीय बताया है। पुलिस का यह अभियान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध खाद्य एवं तंबाकू उत्पादों के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Post a Comment