*पुश्तैनी मकान पर बुलडोजर चलाकर ढहाने का आरोप, डीएम से एफआईआर की मांग*
*जौनपुर।* लाइन बाजार थाना क्षेत्र के लखमीपुर निवासी ओमप्रकाश यादव ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर दबंगों पर पुश्तैनी मकान को जेसीबी से ढहाने और घर में रखा सामान मलबे में दबाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में नामजद आरोपियों समेत 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, घटना 24 मई 2026 को दोपहर करीब 1:52 बजे की बताई गई है। आरोप है कि संतोष कुमार यादव, उनके बड़े भाई और रिंकू यादव उर्फ महेंद्र यादव समेत 10-15 हथियारबंद लोग जेसीबी लेकर लखमीपुर स्थित पुश्तैनी मकान पर पहुंचे। आरोप है कि जेसीबी से मकान को पूरी तरह गिराकर जमीन को समतल कर दिया गया और वहां अवैध कब्जा कर लिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि मकान के अंदर रखा कपड़ा, नकदी, गृहस्थी का सामान और वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया तथा काफी सामान मलबे में दब गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मुंबई से गांव पहुंचे तो मकान को ध्वस्त देखकर उनके होश उड़ गए।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि मकान गिराने का कारण पूछने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और धमकी दी। पीड़ित के अनुसार संबंधित भूमि में पांच लोगों का कानूनी हिस्सा है, लेकिन अभी तक सरकारी सीमांकन या पैमाइश नहीं हुई है और न ही किसी हिस्सेदार का हिस्सा अलग किया गया है।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, डकैती, आपराधिक साजिश, मकान गिराने, मारपीट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने और परिवार को जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
*नोट: उपरोक्त आरोप प्रार्थना पत्र में लगाए गए हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।*
Post a Comment