जागरण संवाददाता, सुपौल। विजेंद्र प्रसाद यादव का राजनीतिक सफर 1990 में शुरू हुआ, जब वे पहली बार सुपौल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर सदन पहुंचे। तब से लेकर आज तक उन्होंने लगातार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। इतनी लंबी राजनीतिक पारी ने उन्हें बिहार की राजनीति में एक अनुभवी और भरोसेमंद चेहरा बना दिया है।

सत्ता परिवर्तन के दौर में एंट्री

1990 का दौर बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव का समय था। कांग्रेस शासन के बाद जनता दल का उदय हुआ और इसी लहर में विजेंद्र यादव ने अपनी पहचान बनाई। जनता दल के टिकट पर चुनाव जीतकर वे विधानसभा पहुंचे और धीरे-धीरे अपनी कार्यशैली से नेतृत्व का भरोसा जीत लिया।