*बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में डीएम सैमुअल पॉल एन. ने कसे पेंच*
*कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, नामांकन और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के दिए निर्देश*
*जौनपुर।* जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, छात्र नामांकन, लर्निंग आउटकम और शैक्षिक गुणवत्ता समेत विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में कायाकल्प के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर विद्यालय भवनों को नियमानुसार ध्वस्त कराने तथा नए भवन निर्माण के प्रस्ताव तैयार कराने को कहा। विभिन्न पैरामीटर पर विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा में करंजाकला और मुंगराबादशाहपुर विकासखंड की प्रगति कई बिंदुओं पर अपेक्षाकृत कम मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
स्मार्ट क्लास की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यालयों में इनके संचालन की जानकारी ली। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्मार्ट क्लास की नियमित निगरानी के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने और प्रतिदिन कक्षाओं के संचालन की वीडियो क्लिप साझा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने पंचायत भवनों में स्थापित की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी का बच्चों के हित में प्रभावी उपयोग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में अनिवार्य रूप से पैरेंट्स-टीचर मीटिंग आयोजित कर अभिभावकों को बच्चों की शैक्षिक प्रगति और लर्निंग आउटकम की जानकारी देने को कहा।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को महिला सुरक्षा, अधिकार और संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।
विद्यालयों की छतों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को हटाए न जाने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
छात्र नामांकन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नामांकन बढ़ाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। बच्चों के बर्थ सर्टिफिकेट बनवाने की कार्रवाई भी प्राथमिकता से कराने को कहा गया। साथ ही लर्निंग आउटकम में सुधार और शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार निगरानी एवं प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने पर खंड शिक्षा अधिकारी मड़ियाहूं उदयभान कुशवाहा तथा राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक संजय मिश्रा को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को सभी विद्यालयों में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक केके पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
إرسال تعليق