Top News

इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता चैंबर्स आवंटन प्रक्रिया तेज, अस्थायी वरिष्ठता सूची जारी

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट प्रशासन ने अधिवक्ताओं के लिए नव-निर्मित चैंबर्स एवं पार्किंग भवन के आवंटन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दोनों बार एसोसिएशनों की संयुक्त अस्थायी वरिष्ठता सूची जारी कर दी है। यह सूची हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन तथा एडवोकेट्स एसोसिएशन, हाई कोर्ट इलाहाबाद द्वारा अपने सत्यापित एवं अद्यतन सदस्य विवरण क्रमशः 18 मई और 22 मई 2026 को न्यायालय प्रशासन को उपलब्ध कराए गए थे। दोनों सूचियों के समेकन के बाद सदस्यों की आपसी वरिष्ठता के आधार पर अस्थायी सूची तैयार की गई है।
न्यायालय प्रशासन के अनुसार सभी नामित वरिष्ठ अधिवक्ताओं (डिज़िग्नेटेड सीनियर एडवोकेट्स) को उनकी नामांकन तिथि के आधार पर निर्धारित वरिष्ठता के क्रम में सूची के शीर्ष पर स्थान दिया गया है।
हाईकोर्ट प्रशासन ने अधिवक्ताओं से अपील की है कि यदि अस्थायी वरिष्ठता सूची को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति हो तो वे सूची प्रकाशित होने की तिथि से सात दिनों के भीतर ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
इसके साथ ही हाईकोर्ट ने यह भी घोषणा की है कि नव-निर्मित अधिवक्ता चैंबर्स के आवंटन हेतु ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ 29 मई 2026 को किया जाएगा। इसको लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Astra Veda News
Astra Veda News