Top News

लेदुका में गूंजा गौ रक्षा का संकल्प, शंकराचार्य ने सरकार से मांगी ठोस व्यवस्था

जौनपुर, 17 मई। जनपद के लेदुका क्षेत्र में शनिवार को धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति और गौ रक्षा को समर्पित भव्य “गविष्ट यात्रा” का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। देवाधिदेव महादेव मां काली धाम प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराम्नाय ज्योतिर्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती महाराज के आगमन पर हजारों श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर शंकराचार्य महाराज ने मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत मुख्य आयोजक राजा राजेश्वर राजगुरु जयशंकर दुबे द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चरण पादुका पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने चरण स्पर्श कर आशीर्वाद एवं प्रसाद ग्रहण किया। पूरे क्षेत्र में “गौ माता की जय” और “सनातन धर्म अमर रहे” के जयघोष गूंजते रहे।
अपने संबोधन में शंकराचार्य महाराज ने कहा कि गौ सेवा सनातन धर्म की आत्मा है और गौ, गंगा तथा धर्म की रक्षा करने वाला ही सच्चा धर्मरक्षक कहलाने का अधिकारी है। उन्होंने हिंदू समाज से गौ रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश की गौशालाओं की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई गौशालाओं में गायें भूख और प्यास से तड़प रही हैं तथा वहां पर्याप्त चारा और देखभाल की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाओं से गौ रक्षा संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए धरातल पर ठोस और पारदर्शी व्यवस्था लागू करनी होगी।
शंकराचार्य महाराज ने घोषणा की कि उनकी “गविष्ट यात्रा” उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में जारी रहेगी। इसके माध्यम से वह जनसभाएं और जनजागरण कार्यक्रम कर लोगों को गौ रक्षा, सनातन संस्कृति और धर्म संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संत, धर्माचार्य और विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। अंत में आयोजक जयशंकर दुबे ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

أحدث أقدم
Astra Veda News
Astra Veda News