बहू-बेटी सम्मेलन में तीन परिवारों का हुआ पुनर्मिलन
जौनपुर, 23 जून। महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, जौनपुर पुलिस द्वारा सोमवार को महिला सशक्तिकरण एवं पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शासन की मंशा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की प्राथमिकताओं के अनुरूप संपन्न हुआ।
सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करना तथा घरेलू विवादों के कारण बिखर रहे परिवारों को आपसी संवाद के माध्यम से पुनः एकजुट करना रहा। मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से आयोजित इस पहल के तहत महिलाओं के प्रति हिंसा, प्रताड़ना एवं पारिवारिक विवादों में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की टीम तथा अनुभवी काउंसिलरों ने पारिवारिक विवादों से जूझ रहे कई दंपतियों एवं उनके परिजनों की काउंसलिंग की। काउंसिलरों की सकारात्मक मध्यस्थता एवं समझाइश का असर यह रहा कि तीन अलग-अलग परिवारों ने अपने पुराने मतभेद, मनमुटाव और विवाद भुलाकर पुनः एक साथ प्रेमपूर्वक रहने की सहमति व्यक्त की।
सहमति बनने के बाद प्रभारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की अगुवाई में पुलिस टीम, काउंसिलरों तथा दोनों पक्षों के परिजनों की उपस्थिति में तीनों परिवारों की विदाई कराई गई। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन ने सभी परिवारों को सुखद एवं खुशहाल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
Post a Comment