Top News

जौनपुर पुलिस की शक्ति मोबाइल टीम ने चलाया जागरूकता अभियान, छात्राओं और महिलाओं को किया जागरूक

जौनपुर, 24 जून। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में गठित "शक्ति मोबाइल टीम" द्वारा मंगलवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम ने छात्राओं एवं महिलाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े अधिकारों की जानकारी देते हुए महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला सहायता हेल्पलाइन 181 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
शक्ति मोबाइल टीम ने छात्राओं एवं महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें आश्वस्त किया कि जौनपुर पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर मौजूद लोगों को भी महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर शक्ति मोबाइल टीम की प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्पा, मुख्य आरक्षी शिव बदन, मुख्य आरक्षी काशीनाथ यादव, आरक्षी मनोज यादव, महिला आरक्षी आरती पाण्डेय एवं महिला आरक्षी रोहणी राठौर उपस्थित रहीं।
जौनपुर पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए ऐसे जागरूकता अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से संचालित किए जाते रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Astra Veda News
Astra Veda News