जौनपुर। जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित पंजीकरण, पारदर्शी सुनवाई और समयबद्ध निस्तारण को सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जन सुविधा केन्द्र का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने फीता काटकर केन्द्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि जन सुविधा केन्द्र प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक संचालित रहेगा, जिससे आमजन को कार्यालय समय के अतिरिक्त भी अपनी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जबकि दोनों पालियों में पुलिस कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अवकाश के दिनों, विशेषकर शनिवार एवं रविवार को भूमि कब्जा और राजस्व विवाद से संबंधित शिकायतें अधिक प्राप्त होती हैं। ऐसे मामलों में शिकायत दर्ज होते ही संबंधित लेखपाल और कानूनगो को व्हाट्सएप के माध्यम से तत्काल सूचना भेजी जाएगी, ताकि मौके पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। आवश्यकता पड़ने पर दोनों पक्षों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी सुनवाई कर समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का रजिस्टर के साथ-साथ डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार किया जाए तथा उसकी नियमित निगरानी की जाए। शिकायतों का विवरण एक्सेल शीट में संधारित कर साप्ताहिक एवं प्रत्येक दस दिन पर समीक्षा की जाएगी। साथ ही राजस्व एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए भूमि विवाद, अवैध कब्जा और अन्य संवेदनशील मामलों में संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करेगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा सहयोग न करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का विवरण अभिलेखों में दर्ज किया जाएगा तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment