Top News

कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर सीएम योगी सख्त, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

लखनऊ, संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में कांवड़ यात्रा एवं आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा के लिए शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता और यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन पूरी सजगता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने, खाद्य पदार्थों में मिलावट, ओवररेटिंग, अव्यवस्था या अराजकता फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं फर्जी सूचनाओं का तत्काल खंडन किया जाए तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को स्थानीय कांवड़ संघों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने तथा शिविर संचालकों का समय से सत्यापन कर तैयारियों की अग्रिम समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ की निर्धारित ऊंचाई का पालन सुनिश्चित कराने के लिए हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने को भी कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस एवं मदिरा की दुकानें यात्रा अवधि के दौरान बंद रहें। संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही प्रत्येक दुकान पर संचालक का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए तथा डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Astra Veda News
Astra Veda News