जौनपुर, 4 अगस्त। सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में जौनपुर यातायात पुलिस को अत्याधुनिक इंटरसेप्टर (चार पहिया) वाहन मिला है। वाहन में लगी स्वचालित स्पीड रडार प्रणाली के माध्यम से अब ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों पर इलेक्ट्रॉनिक निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश शासन की आधुनिकीकरण योजना एवं उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा कोष के अंतर्गत ZFD कार्यक्रम के तहत उपलब्ध कराए गए इस इंटरसेप्टर वाहन को मंगलवार को पुलिस लाइन जौनपुर से अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जनपद जौनपुर में सात क्रिटिकल कॉरिडोर चिन्हित हैं, जिनके अंतर्गत 14 थाना क्षेत्र आते हैं। इनमें छह राष्ट्रीय राजमार्ग तथा एक राज्य मार्ग शामिल है, जिनकी कुल लंबाई लगभग 359 किलोमीटर है। इंटरसेप्टर वाहन इन सभी संवेदनशील मार्गों पर नियमित गश्त करेगा और विशेष रूप से ओवरस्पीडिंग, यातायात नियमों के उल्लंघन तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों पर कड़ी नजर रखेगा।
Post a Comment