300 से अधिक युवाओं और बैंकर्स को मिला उद्यमिता का प्रशिक्षण
सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान की विशेष कार्यशाला में ऋण प्रक्रिया और व्यवसाय प्रबंधन की दी जानकारी
जौनपुर। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में 300 से अधिक युवा लाभार्थियों के साथ विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला का आयोजन समाधान समिति एवं जिला उद्योग केंद्र (DIC) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो चरणों में संचालित किया गया।
पहले चरण में युवाओं को दिया प्रशिक्षण
प्रथम सत्र में कॉर्पोरेट ट्रेनर एवं मुख्य वक्ता डॉ. अमित सिन्हा ने युवाओं को योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, ऋण आवेदन प्रक्रिया और व्यवसाय प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को प्रस्तावित उद्यम को सफलतापूर्वक स्थापित और संचालित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
बैंकर्स को ऋण आवेदनों के त्वरित निस्तारण की जानकारी
दूसरे चरण में विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पूर्व बैंकर एवं एक्सपर्ट मुकेश वार्ष्णेय ने पीपीटी के माध्यम से लाभार्थियों के ऋण आवेदनों के त्वरित निस्तारण, पोर्टल की तकनीकी प्रक्रिया तथा ऋण स्वीकृति के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर विस्तार से जानकारी दी। जिला उद्योग केंद्र, समाधान समिति और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।
डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज आशुतोष सहाय पाठक ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य लाभार्थियों और वित्तीय संस्थानों के बीच समन्वय मजबूत करना है, ताकि पात्र युवाओं को समयबद्ध तरीके से ऋण सुविधा मिल सके और वे अपना रोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि योजना से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ ही जनपद के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
कार्यशाला में कोऑर्डिनेटर धीरेन्द्र सिंह चौहान ने भी लाभार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उद्यम स्थापना, वित्तीय प्रबंधन, बैंकिंग प्रक्रिया तथा व्यवसाय संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
72 घंटे में लोन लेकर सफल उद्यमी बने प्रदीप
कार्यशाला के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थी प्रदीप कुमार प्रजापति, निवासी भरोठा खलीलपुर, जौनपुर ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि उन्हें योजना के तहत मात्र 72 घंटे में तीन लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ, जिससे उन्होंने स्वदेशी पेपर प्लेट निर्माण उद्योग शुरू किया। सफलतापूर्वक उद्यम संचालित करने पर उन्होंने सरकार, जिला उद्योग केंद्र एवं बैंक के प्रति आभार जताया।
कार्यशाला में लाभार्थियों ने योजना और ऋण प्रक्रिया से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने समाधान किया। इससे लाभार्थियों और बैंक प्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ और ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने संबंधी जानकारी साझा की गई।
समापन अवसर पर लाभार्थियों ने अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में असिस्टेंट कमिश्नर जय प्रकाश, अग्रणी जिला प्रबंधक कुमार हर्षमान, अपर सांख्यिकीय अधिकारी विनायक शंकर तिवारी, सहायक प्रबंधक रामनवल चौहान, रणजीत कुमार वर्मा सहित जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी, समाधान समिति के सदस्य, प्रशिक्षण विशेषज्ञ एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Post a Comment