उद्योग बंधु की बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश, युवाओं को ऋण वितरण में तेजी लाने को कहा
जौनपुर, 01 सितंबर 2026। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में मंगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान और स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकों को निर्देश दिया कि पात्र युवाओं को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाते हुए ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। जिन आवेदन पत्रों पर वर्गीकरण की कार्रवाई पूरी हो चुकी है, उनका प्राथमिकता के आधार पर भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने वाली योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बन सकें।
सतहरिया में लो-वोल्टेज की समस्या का हुआ समाधान
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र सतहरिया में लो-वोल्टेज की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि संबंधित समस्या का निस्तारण कराया जा चुका है। इस पर सीडा के उद्यमियों ने भी सहमति व्यक्त की।
निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा
जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों और लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे उद्यमियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
औद्योगिक क्षेत्र सीडा में पार्क की साफ-सफाई के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, धारा 80 के अंतर्गत मेसर्स गोयनका होंडा के विस्तार के प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के लिए उप जिलाधिकारी केराकत को निर्देशित किया गया।
बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक, सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment