दिव्यांग बच्चों ने बांधा रक्षासूत्र, मनाया समावेशी रक्षाबंधन
बच्चों की मुस्कान ही पर्व की सच्ची सार्थकता : डॉ. उत्तम गुप्ता
जौनपुर
दिव्यांगों के सशक्तिकरण और सेवा के लिए समर्पित राष्ट्रीय संगठन सक्षम (समदृष्टि, क्षमताविकास एवं अनुसंधान मंडल) जिला जौनपुर (काशी प्रांत) की ओर से सृजन संस्था, सुंगुलपुर (कुल्हनामऊ) में समावेशी रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उपस्थित पदाधिकारियों एवं अतिथियों को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
इस अवसर पर सक्षम पदाधिकारियों ने बच्चों को स्नेह, उपहार और मिष्ठान देकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके लिए समावेशी वातावरण तैयार करने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम में सक्षम के जिला अध्यक्ष डॉ. उत्तम गुप्ता, जिला सचिव विक्रांत, धीमही प्रकोष्ठ प्रमुख डॉ. साधना मौर्य, युवा प्रमुख किशन जी तथा सृजन संस्था के संस्थापक डॉ. संजय मिश्रा सहित संस्था की शैक्षिक टीम मौजूद रही।
डॉ. संजय मिश्रा ने सक्षम संगठन के पदाधिकारियों का आभार जताया। जिला अध्यक्ष डॉ. उत्तम गुप्ता ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही रक्षाबंधन पर्व की सच्ची सार्थकता है। संगठन उनके सर्वांगीण विकास और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
Post a Comment