जौनपुर पुलिस की बड़ी सफलता: ₹1 लाख का इनामी अंतरराज्यीय गौ-तस्कर गिरफ्तार
जौनपुर। थाना खुटहन पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹1 लाख के इनामी अंतरराज्यीय गौ-तस्कर एवं शातिर अपराधी रविन्द्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर जौनपुर समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और गुजरात में कुल 85 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खुटहन पुलिस ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर ग्रामीण विकास इंटर कॉलेज, पटैला-मखदूमपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर रविन्द्र वर्मा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रविन्द्र वर्मा पुत्र सभापति वर्मा निवासी मखदूमपुर, थाना खुटहन, जौनपुर लंबे समय से गौ-तस्करी, चोरी और संगठित अपराधों में सक्रिय था। उसके खिलाफ जौनपुर, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, अयोध्या, भदोही, आजमगढ़ समेत कई जनपदों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गुजरात के सूरत जिले में भी उसके विरुद्ध कई मामले दर्ज पाए गए हैं।
खुटहन थाना में दर्ज हालिया मामलों में वांछित चल रहे आरोपी पर पुलिस मुख्यालय द्वारा ₹1 लाख का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमें लगातार तलाश कर रही थीं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर चोरी, गौ-तस्करी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों सहित कुल 85 मुकदमे दर्ज हैं।
إرسال تعليق