जौनपुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड रामपुर में आयोजित जन आरोग्य मेले का सोमवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
मेले में स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित कई विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में ज्ञान्ता देवी, त्रिभुवन, अंजली, शीला देवी एवं विकास को आयुष्मान भारत कार्ड वितरित किए गए। वहीं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी रोगी फलक शेख को नि:क्षय पोषण योजना के अंतर्गत पोषण पोटली प्रदान की गई।
बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा सात माह के प्रदीप कुमार एवं छह माह की काव्या का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। पशुपालन विभाग की ओर से त्रिभुवन गौड़, रामपुर बाजार को पशु किट वितरित की गई।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड रामपुर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने विकास खंड के आईएसओ प्रमाणीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए अधिकारियों को विभागीय कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
إرسال تعليق