जौनपुर, 18 जुलाई। तहसील मड़ियाहूं में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्राप्त शिकायतों में से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें तथा महिला अपराध संबंधी शिकायतों की जांच सर्वोच्च प्राथमिकता पर करते हुए पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।
दोनों अधिकारियों ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित निगरानी कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
إرسال تعليق