Top News

झूठी लूट की कहानी का कोतवाली पुलिस ने किया पर्दाफाश, गबन की रकम बरामद

जौनपुर, 18 जुलाई। कोतवाली पुलिस ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए लूट की झूठी सूचना देकर गबन करने की साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गबन किए गए 68,840 रुपये बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 17 जुलाई की शाम डायल-112 पर सूचना मिली थी कि भंडारी अंडरपास के पास एक कलेक्शन एजेंट से करीब एक लाख रुपये की लूट हो गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली और लाइनबाजार पुलिस मौके पर पहुंची तथा सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को घटनाक्रम संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में की गई सघन पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया।
पूछताछ में कलेक्शन एजेंट ने स्वीकार किया कि उसने 68,840 रुपये का गबन करने के उद्देश्य से लूट की झूठी कहानी रची थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पूरी रकम बरामद कर ली। इसके बाद शराब ठेके के मालिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए विकास यादव और अलकेश यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह के नेतृत्व में गठित कोतवाली पुलिस टीम ने की।
कोतवाली पुलिस की इस सतर्क, निष्पक्ष और पेशेवर जांच की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है। पुलिस ने बिना तथ्यों की पुष्टि किए मामले को लूट मानने के बजाय वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित जांच की, जिससे न केवल झूठी सूचना का पर्दाफाश हुआ बल्कि गबन की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई। यह कार्रवाई पुलिस की सक्रियता, दक्षता और अपराध के प्रति गंभीरता का उदाहरण मानी जा रही है।

Post a Comment

أحدث أقدم
Astra Veda News
Astra Veda News