Top News

एसएसपी ने सिकरारा थाने का किया औचक निरीक्षण, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

जौनपुर, 23 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह ने बुधवार को थाना सिकरारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेख, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना तथा थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं एवं प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा सीसीटीएनएस कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सक्रिय एवं दुस्साहसी अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाकर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने तथा पात्र अपराधियों के खिलाफ गुण्डा एक्ट, जिला बदर और गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही कुख्यात अपराधियों को चिह्नित कर उन्हें आपराधिक माफिया घोषित करने एवं उनके गैंग का डीसीआरबी में पंजीकरण कराने के निर्देश भी दिए।
आगामी कांवड़ यात्रा एवं सावन पर्व के मद्देनजर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाने पर तैनात प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया तथा उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन वज्रपात के तहत मनबढ़ एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक गतिविधियों की निगरानी, आपत्तिजनक अकाउंटों को टेकडाउन कराने की कार्रवाई तथा ऐसे व्यक्तियों के परिजनों की काउंसलिंग कर उन्हें अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखने, शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक (नगर/अपराध) गोल्डी गुप्ता भी मौजूद रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم
Astra Veda News
Astra Veda News