अब घर बैठे बनेगा पेंशनर्स का डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, कोषागार जाने की जरूरत नहीं
जौनपुर। पेंशनर्स के लिए राहत भरी खबर है। भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर नवंबर 2026 में राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत अब पेंशनर्स को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए कोषागार कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। वे घर बैठे ही अपने मोबाइल फोन से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे।
वरिष्ठ कोषाधिकारी उमाशंकर यादव ने बताया कि पेंशनर्स अपने मोबाइल में आधार फेस आरडी और जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड कर फेस स्कैन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र भेज सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी पोस्ट ऑफिस, जनसुविधा केंद्र या साइबर कैफे से भी यह सुविधा प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रमाण पत्र जमा करने के लिए आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी सत्यापित करना होगा। इसके बाद पेंशनर का नाम, पेंशन का प्रकार, विभागीय जानकारी, पीपीओ नंबर, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड भरकर फेस स्कैन करना होगा।
पेंशनर्स की सुविधा के लिए कोषागार कार्यालय में पोस्ट ऑफिस कर्मचारियों द्वारा हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है। डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा होने के बाद पेंशनर या पारिवारिक पेंशनर को कोषागार आने की आवश्यकता नहीं होगी।
वरिष्ठ कोषाधिकारी उमाशंकर यादव ने सभी पेंशनर्स से अपील की है कि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के बाद अपनी जीवन प्रमाण आईडी सुरक्षित रखें, ताकि प्रमाण पत्र के सबमिट या रिजेक्ट होने की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सके। उन्होंने अधिक से अधिक पेंशनर्स से इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
إرسال تعليق